बुधवार, 20 अक्टूबर 2010

नमस्‍कार भाई लोगों

शुक्रवार, 30 अप्रैल 2010

कुम्‍भ का बादशाही स्‍नान

इस बार महाकुम्‍भ ने सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए। तीन की जगह चार शाही स्‍नान साधु-संन्‍यासियों ने कर लिए और आ‍खरी दिन कविवर निशंक की मंत्रिपरिषद् ने आकर बादशाही स्‍नान कर लिया। जिस दिन से छत्‍तीसगढ़ की सरकार हरिद्वार आकर नहा गई थी उस दिन से उत्‍तराखण्‍ड की सरकार कसमसा रही थी। रमण सरकार क्‍या आई, कुम्‍भ सरकार को लगा कि वह पिछड् गई। सारा अमृत कोई और बटोर गया, हम रह गए। हमारा ही इलाका, हमारी ही गंगा, हमारा ही हरिद्वार और हमारा ही कुम्‍भ। पर आकर नहा गई छत्‍तीसगढ़ की सरकार। मंत्रियों ने मुख्‍यमंत्री को समझाया, निशंक जी, यह हमारा रमणक्षेत्र है। इसमें कोई और सरकार आकर रमण कैसे कर सकती है। भले ही वह रमणसिंह की ही सरकार क्‍यों न हो। निशंक ने कहा चिंता मत करो हम नहाएंगे। और जमकर नहाएंगे। ऐसे नहाएंगे कि लोग देखेंगे कि हम नहा रहे हैं।

ऐसा ही हुआ। कुम्‍भ के आखरी  दिन सरकार हरिद्वार आई। सरकार से पहले नीली बत्‍ती वाली दो अलग  अलग कार आईं। पहली कार सपत्‍नीक मेला प्रशासन उतरा, हरकी पौड़ी पर पहुंचा, गोते लगाए और लौट गया। फिर दूसरी कार आई। उसमें से कुम्‍भ पुलिस सपत्‍नीक उतरी। उत्‍साहित पुलिसजन गंगधार में आभार स्‍नान की किल्‍लोल। अब तक सब कुछ निहाल, सारा माहौल निहाल था। पर फिर वक्‍त आया 'बादशाही स्‍नान' का। धवल वस्‍त्रधारी सरकार का बादशाही स्‍नान। स्‍नान से पूर्व वही सब कुछ दोहराया गया। सारे घाट जनता से खाली करा लिए गए क्‍योंकि जननेता, जनता के रहनुमा आने को थे। कोई उन्‍हें कपड़े उतारते और नहाते न देख ले। घाटों पर सिर्फ सरकार थी और सरकार को गोते लगवाने वाले पण्‍डे थे। इनके अलावा थी सरकार को सुरक्षा देने वाली पुलिस। प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव, निदेशक, अधिकारियों का जत्‍था। सभी टेक रहे थे मंत्रियों को मत्‍था। मंत्रिपरिषद् आई, उसने (अपने) कपड़े उतारे और वह गंगा की धारा में प्रवेश कर गई। गंगा का पता नहीं पर मंत्रिपरिषद् निहाल हो गई। देर तक मंत्रिगण जल में रमे रहे, मीडिया के कैमरों के सामने जमे रहे। सरकार नहाती रही, जनता का दूर दूर तक पता नहीं था।

फिर पण्‍डों ने चंदन टीका लगाया। ओएसडीयों ने जेब से दक्षिणा निकाल कर 'साहब' को पुण्‍याशीर्वाद दिलवाया। गद्गद् मंत्रिगण हरकी पौड़ी के मालवीय द्वीप पर गंगामैया को बहलाने पहुंचे। एक घण्‍टे तक गंगामैया के सम्‍मान में बहलाव बैठक चली। मैया मुस्‍कुराती हुई बहती रही और कल-कल स्‍वरों में कहती रही, '' तुम मेरा उद्धार करो न करो, मेरा नाम तुम्‍हारा उद्धार ज़रूर करेगा। पिछली बार रामनाम ने किया था। इस बार गंगनाम करेगा।''

मंत्रिपरिषद् ने बैठक में गंगा के नाम से कुछ प्रस्‍ताव किए और केन्‍द्र सरकार के नहले पर दहला रखते हुए मांग कर डाली कि, ''गंगा को राष्‍ट्रीय धरोहर की जगह विश्‍व धरोहर घोषित करवाओ।'' बहती गंगा ने एक बार भी पलटकर नहीं देखा मंत्रिपरिषद। की ओर। वह बहते बहते आगे बढ़ गई। राजनीति फिर पिछड़ गई।

 

शुक्रवार, 23 अप्रैल 2010

सफल कुम्‍भ के लक्षण

सभी लक्षण बता रहे हैं कि हरिद्वार में 2010 का महाकुम्‍भ एक सफलतम कुम्‍भ रहा है। कुम्‍भ कार्यों की शुरुआत से लेकर कुम्‍भ संपन्‍न हो जाने तक जो कुछ हुआ वह सब नोबल पुरस्‍कार की श्रेणी का हुआ है। यही वजह है कि उत्‍तराखण्‍ड के कविमना मुख्‍यमंत्री इस महामेले के लिए नोबल परस्‍कार की मांग कर रहे हैं। सचमुच इस सरकार को एक नोबल प्राइज़ की दरकार है भी। नोबल वालों कुछ इधर भी ध्‍यान दो यार, वरना हम उत्‍तराखण्डियों का दिल टूट जाएगा। हमने मेला भी जमकर किया है और मैला भी जमकर किया है। हमें दोनों में से किसी भी एक काम के लिए या दोनों ही कामूों के लिए नोबल पुरस्‍कार दे डालो यार।

यह हमारा पहला महाकुम्‍भ था जो हमने उत्‍तराखण्‍ड राज्‍य बनने के बाद मनाया। इसे मनाने से पहले हमने केन्‍द्र सरकार को मनाया कि हमें कुम्‍भ मनाने के लिए मनीऑर्डर भेजो। सरदार साहब ने मनीऑर्डर भेजने से पहले पूछा, कितना चाहिए, कहां खर्च करोगे और खर्च कर भी लोगे या नहीं। सरदार साहब को शंका हुई कि बच्‍चा राज्‍य है, पता नहीं इतना खर्च कर भी लेगा या नहीं। पर निशंक जी ने असरदार ढंग से सरदार जी से कहा कि, 'आप शंका मत करो जी। पैसा दो तो सही, हम सब मिलकर आपका ‍दिया सारा पैसा निशंकभाव से खर्च कर डालेंगे।' वे मुस्‍कराए और उन्‍होंने मनीऑर्डर भेज दिया। कुम्‍भ प्रथमदृष्‍ट्या सफल हो गया।

जेब में खर्चा हो तो मेला मेला लगता है। सो, पहले तो मेला सफल हुआ पैसा मिलने से। फिर बारी आई पैसा खर्च करने की। तो भाई, सरकार ने ऐसे असरकारी साहबों को खर्च करने का जिम्‍मा दिया जो एक खर्च करके दो का प्रचार करें और तीन का 'पुण्‍य' अर्जित करें। वैसा ही कर दिखाया साहबी समूह ने। दरअसल  महाकुम्‍भ एक सामूहिक पर्व है और एक सामूहिक घटना है। इसमें सब कुछ सामूहिक स्‍तर पर ही होता है। लोग आते भी सूमहों में हैं, नहाते भी समूहों में हैं, खाते भी समूहों में हैं, जाते भी समूहों में हैं, खते भी समूह में हैं और अगर मरने की बात चले तो मरते भी समूह में ही हैं। इन सारे मानदण्‍डों पर 2010 का हरिद्वार महाकुम्‍भ भी सफलतम कुम्‍भ रहा है।

अब अगर सरकारों को भी समूह मानें तो इस सामहिक अवसर के लिए राज्‍य स्‍तरीय एक समूह ने केन्‍द्र स्‍तरीय एक समूह से मांगा। समूह ने समूह को दिया। फिर अफ़सरों के सूमह जुटे और जो कुछ मिला था उसे सामूहिक स्‍तर पर खर्च करने का बीड़ा उन्‍होंने उठाया। बड़ी लगन और बड़ी मेहनत और बड़े समर्पण का काम था। समूहों का ध्‍यान रखना जरूरी था इसलिए अफ़सरों ने नीचे से ऊपर तक हर तरह के हर समूह का ध्‍यान रखा। यही वजह थी कि मंत्री से संत्री तक सब महाकुम्‍भ में तन-मन से जुटे रहे। धन की परवाह किसी ने नहीं की द्य वह तो सुचारु व्‍यवस्‍था के अंतर्गत आटोमेटिक आना ही था।

जनसमूह के लिए योजनाएं बनीं और कुम्‍भ की सफलता के दौर शुरू हो गए। सारा काम निशंकभाव से चलता रहा और कुम्‍भ को नोबल प्राइज़ की लाइन में खड़ा कर दिया गया।

कुम्‍भ की सफलता होती है भीड़ से। सरकार तय कर चुकी थी कि साढ़े पांच सौ करोड़ खर्व करने हैं तो पांच-छह करोड़ को गंगा स्‍नान कराना ही पड़ेगा। सरकार बजि़द थी और उसने चार महीनों में आंकड़ों में ही सही करीब छह करोड़ नहला दिए। असली पुण्‍य तो सरकार का ही रहा।

हमेशा की तरह करीब पांच सौ लोग कुम्‍भ में बिछड़ गए। यह नहीं पता चल सका कि इनमें जड़वां कितने थे। पर बरसों बाद जब ये लोग मिलेंगे तो मुम्‍बइया फिल्‍मवालों को  कमसे कम कुछ वर्षों के लिए कहानी के प्‍लॉट नहीं ढूंढने पडेंगे। कुम्‍भ पुलिस के खोया-पाया विभाग में अगर कुछ लेखक हुए तो सौ पचास मार्मिक कहानियां जल्‍दी ही सामने आएंगी।

कुम्‍भ हो तो भगदड़ जरूरी होती है, सो इस लिहाज से भी कुम्‍भ सफल रहा है। भगदड़ हुई और लोग परमात्‍मा का स्‍मरण करते परलोक सिधार गए। कुम्‍भ का एक लक्ष्‍य 'मोक्ष की प्राप्ति' भी पूरा हुआ। मेला और मैला में सिर्फ मात्राभेद है। सो मेले के दस दिन बाद भी बाद हरिद्वार वाले भारी मात्रा में मैला झेल रहे हैं। इस लिहाज से भी यह महामेला सफलतम रहा है। लक्षण और भी कई हैं सफलता के। पर उनकी चर्चा फिर कभी।